यहां परकोटे की सभी सीमाएं सील, अंदर और बाहर जाने वाली हर गाड़ी को किया जा रहा सैनेटाइज





 बुधवार को राजस्थान में लॉकडाउन का आठवां दिन रहा। वहीं जयपुर के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू का छठा रहा। अब सरकार ने जयपुर परकोटे की सभी सीमाएं सील कर दी हैं। वही सिविल डिफेंस के कार्यकर्ता सड़कों पर लोगों की मदद मदद कर रहे हैं। अब परकोटे में सिर्फ पुलिस, चिकित्साकर्मियों और मीडिया समेत कुछ ही लोगों को एंट्री दी जाएगी। इसके अलावा परकोटा बाहरी लोगों के लिए बिल्कुल बंद रहेगा। यहां रामगंज में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण ये फैसला लिया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े हुए वाहनों को ही प्रवेश दिया गया। शहर के परकोटे में मुख्य द्वारों पर दमकल की गाड़ियां तैनात कर दी गई हैं। जो यहां से गुजरने वाले सभी वाहनों को सैनेटाइजर का छिड़काव कर रही हैं।



सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं ने बांटा भोजन।


अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) राजीव स्वरूप ने जानकारी दी थी कि परकोटे में किसी प्रकार की आवाजाही नहीं होगी। जो परकोटे में रहते हैं, वो वहीं रहेंगे। केवल चिकित्साकर्मी, जिला प्रशासन, नगर निगम कर्मी को परकोटा क्षेत्र से बाहर जाने की अनुमति होगी। अगर किसी व्यक्ति को किसी जगह पर जाना आवश्यक है तो उसे अनुमती दी जाएगी। इसके लिए उसे अलग से पास दिया जाएगा।


इन्हे मिलेगी परकोटे में एंट्री
परकोटे क्षेत्र में बाहर से जिन्हे आने की अनुमति होगी। वे जिला प्रशासन, पुलिस, अत्यआवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग, नगर निगम, फायब्रिगेड, रसद विभाग, बिजली, पानी, बैंक, एटीएम, मीडियाकर्मी, एलपीजी गैस सप्लायर। सभी प्रकार के चिकित्साकर्मी, वे चाहे राजकीय हों या निजी। इन्हे अलग से पास लेने की जरूरत नहीं होगी। इनके अधिकारी आईडी कार्ड ही मान्य होंगे।



परकोटे का हर गेट किया गया बंद।


राशन के लिए लगी भीड़
वहीं परकोटे के बाहर जयपुर के शास्त्री नगर इलाके के सीकर हाउस में राशन वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंस के नियमों की धज्जियां उड़ती नजर आई। राशन की दुकान पर सैकड़ों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। यहां लंबी लाइनें लग गई। जिसे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया।



राशन लेने लगी लोगों की भीड़।


सात इलाकों में कर्फ्यू लगने का कारण
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये 7 इलाके सबसे ज्यादा घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं। रामगंज में पॉजिटिव पाए जाने वाले व्यक्ति  जिन लोगों से मिला, उनके जरिए कई हजार लोगों में एक दूसरे के बीच संपर्क हुआ। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि और भी लोगों में कोरना पॉजिटिव हो सकते हैं। इसलिए सोशल डिस्टेंस को कड़ाई को लागू रखने के लिए 7 इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है। ये सातों जगह जयपुर शहर के परकोटा इलाके में है। यहां पिछले 3 दिनों से लॉकडाउन होने के बाद भी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। लोग बेपरवाह होकर सड़कों पर निकल रहे थे। सब्जी सामान राशन की दुकानों पर भीड़ लगी हुई थी।